जबलपुर-
कलेक्टर एवं चेयरमेन जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड डॉ. इलैयाराजा टी. की अध्यक्षता में आज स्मार्ट सिटी कार्यालय में स्मार्ट सिटी जबलपुर द्वारा संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें आशीष वशिष्ठ, आयुक्त नगर निगम जबलपुर सह कार्यकारी निदेशक स्मार्ट सिटी लिमिटेड, श्रीमति निधि सिंह राजपूत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, बांझल प्रोजेक्ट डायरेक्टर, नेशनल हाइवे ऑथारिटी ऑफ इंडिया, प्रदीप शेण्डे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, यातायात जबलपुर, शिवेन्द्र सिंह कार्यपालन यंत्री, दीपक शर्मा सी.ई.ओ. जबलपुर सहकारी दुग्धसंघ मर्यादित (सांची), सहित समस्त तकनीकी स्टाफ एवं परियोजनाओँ के कान्ट्रेक्टर उपस्थित हुये। बैठक में जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा जबलपुर दुग्ध संघ (सांची) के साथ मिलकर बायो सी.एन.जी. प्लांट स्थापित किया जा रहा है। यह प्लांट मई 2023 तक पूर्ण होगा जिससे लगभग 150 टन गोबर प्रतिदिन उपयोग में लाया जायेगा एवं 2400 किलो प्रतिदिन की बायो सी.एन.जी. गैस उत्पादित होगी। प्लांट तैयार किये जाने हेतु एजेंसी का चयन सांची द्वारा किया जाकर वर्कऑर्डर जारी किया जा चुका है एवं कंपनी द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया है। यह प्लांट महाकौशल क्षेत्र का पहला बायो सी.एन.जी. प्लांट होगा जिससे निश्चय ही डेयरियों से निकलने वाले गोबर से होने वाले प्रदुषण से मुक्ति की दिशा में सकारात्मक कदम है। कलेक्टर द्वारा प्लांट को समय सीमा में पूर्ण करने निर्देशित किया गया। जबलपुर शहर के एन्ट्री पाइंट को आकर्षक, भव्य एवं सुंदर रुप से विकसित किये जाने हेतु महाराजपुर एवं अंधमूक बाईपास जंक्शन के डिजाईन पर विस्तृत चर्चा की गयी जिसमें पुलिस विभाग एवं नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने भी अपने सुझाव दिये, जिन्हें समाहित किया जायेगा। कलेक्टर द्वारा जंक्शन पर पर्याप्त ग्रीनरी, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पर्याप्त साधन का ध्यान रखे जाने के साथ साथ तैयार डिजाइनों में संस्कारधानी जबलपुर की छवि दिखाई दे, ऐसे निर्देश प्रदान किये। जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा कार्बन क्रेडिट विषय पर भी निविदा जारी की जा रही है। जिसके लिये कन्सल्टेंट द्वारा कलेक्टर के समक्ष प्रजेन्टेशन प्रस्तुत किया गया। जिसमें जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा विगत वर्षों में वातावरण से कार्बन की मात्रा को कम करने हेतु किये गये प्रयासों से कार्बन क्रेडिट प्राप्त किया जायेगा। बैठक में दिनांक 8-9 अक्टूबर को जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा नये स्टार्टअप हेतु हैकफेस्ट का आयोजन किये जाने पर निर्णय लिया गया जिसमें 500 से अधिक स्टार्टअप अपने आईडियास् का प्रस्तुतिकरण करेंगें। टॉप 30 स्टार्टअप को जबलपुर इन्क्यूबेशन सेंटर में स्थान दिया जायेगी। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्टार्टअप को पुरुस्कृत किया जायेगा। 01 नवम्बर 2022 म.प्र. स्थापना दिवस पर 21 दिनों का ऑनलाइन स्टार्टअप इन्वेस्टमेंट पाठशाला का शुभारंभ किया जायेगा। जिसमें स्टार्टअपस् को इन्वेस्टमेंट विषय की सूक्ष्म जानकारियों से विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन किया जायेगा। ईट राइट चैलेंज के अंतर्गत 28-29 सितम्बर 2022 को कल्चरल स्ट्रीट भंवरताल में फूड मेला का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है। घमापुर रांझी सड़क निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं को निराकृत कर निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिये निर्देशित किया गया।