इमरजेंसी के दौरान लगभग 19 महीने नाहन के आदर्श केंद्रीय कारागार में रहने वाले हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार जेल में बिताए दिनों की यादें ताजा करने नाहन आ रहे हैं। जेल के जिस कमरे में 19 महीने रहकर उन्होंने चार पुस्तकें लिखीं, वह उसे भी देखेंगे। उनके साथ पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा, महेंद्र नाथ सोफत और राधारमण शास्त्री भी होंगे। इसकी बाकायदा सरकारी अनुमति भी मिल गई है।
दरअसल, सात मार्च को नाहन में शंखनाद संस्था का राज्य स्तरीय नवरंग 2020 कार्यक्रम हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसी कार्यक्रम के बहाने शांता कुमार ने आदर्श केंद्रीय कारागार जाने का भी कार्यक्रम तय कर लिया है।
शांता कुमार छह मार्च की शाम को ही नाहन पहुंच जाएंगे। सात को सुबह पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा के निवास में ब्राह्मण सभा की ओर से अभिनंदन समारोह का आयोजन हकोगा। इसके पश्चात वह नाहन जेल जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने संपर्क करने पर बताया कि नाहन जेल के कमरे में उन्होंने पूरे 19 महीने गुजारे। यही रहकर उन्होंने लाजो, मन के मीत, कैदी और दीवार के उस पार...तीन पुस्तकें लिखी।
जेल के इस कमरे में खूब अध्ययन किया और योग भी किया। पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा ने बताया कि इस शांता कुमार के अभिनंदन के लिए कार्यक्रम रखा गया है। इसे पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, राधारमन शास्त्री, महेंद्र नाथ सोफत और वह स्वयं जेल जाएंगे। वहां गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री संस्था के नवरंग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।